The Forth Pillar

National News Portal

उत्तराखंड

खुशखबरी : धामी सरकार दिवाली पर देने जा रही है 1 लाख 20 हजार कर्मचारियों को बोनस का तोहफा, चार प्रतिशत डीए की फाइल भी तैयार

देहरादून। राज्य के सरकारी कर्मचारियों को दिवाली बोनस का तोहफा मिलने वाला है। प्रदेश सरकार ने दीपावली का बोनस देने की तैयारियां शुरू कर दी हैं और इस संबंध में जल्द ऐलान किया जा सकता है। अलग-अलग विभागों के करीब 1 लाख 20 हजार कर्मचारी दिवाली बोनस के पात्र हैं।

राज्य के सरकारी विभागों में कार्यरत 4800 ग्रेड तक के सरकारी कर्मचारियों को सरकार हर साल दिवाली पर बोनस देती है। इसके लिए प्रस्ताव वित्त विभाग की ओर से तैयार किया जाता है। इस प्रस्ताव पर मुख्यमंत्री के अनुमोदन के बाद बोनस की घोषणा कर दी जाती है। इस बार अक्तूबर में दिवाली के त्योहार को देखते हुए वित्त विभाग ने बोनस को लेकर तैयारी शुरू कर दी है।

शासन के सूत्रों ने बताया कि दिवाली बोनस के संदर्भ में वित्त विभाग ने प्रस्ताव तैयार कर लिया है। यह प्रस्ताव 12 अक्तूबर को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में होने वाली कैबिनेट बैठक में रखा जाएगा। प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद कर्मचारियों के लिए बोनस का ऐलान और भुगतान कर दिया जाएगा। इस संबंध में वित्त विभाग के अधिकारियों ने बताया कि विभिन्न विभागों के करीब एक लाख 20 हजार कर्मचारी दिवाली बोनस के पात्र हैं। सरकार दिवाली बोनस के रूप में हर कर्मचारी को लगभग सात हजार रुपये का भुगतान करती है।

चार प्रतिशत डीए की फाइल भी तैयार
केंद्र सरकार ने कुछ दिन पहले ही कर्मचारियों का महंगाई भत्ता चार प्रतिशत बढ़ाया है। इसके बाद अब राज्य सरकार ने भी इस संदर्भ में तैयारी शुरू कर दी है। सूत्रों के अनुसार, 12 अक्तूबर को होने वाली कैबिनेट की बैठक में डीए को भी मंजूरी मिल सकती है। अधिकारियों ने बताया कि डीए और बोनस के रूप में लगने वाली धनराशि का आकलन किया जा रहा है और जल्द इस संदर्भ में ऐलान किया जा सकता है। राज्य में सरकारी कर्मचारियों को अभी 34 प्रतिशत महंगाई भत्ता मिल रहा है और चार प्रतिशत बढ़ोतरी के ऐलान के बाद यह 38 प्रतिशत हो जाएगा। महंगाई भत्ते में इस वृद्धि का लाभ राज्य के सभी सरकारी कर्मचारियों और पेंशनर्स को मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *