राहुल गांधी से ईडी की पूछताछ के विरोध में उतरे कांग्रेसियों की पुलिस से झड़प, प्रदेश अध्यक्ष सहित 200 गिरफ्तार
राहुल गांधी को ईडी की ओर से पूछताछ के लिए बुलाने के विरोध में कांग्रेसियों ने राजभवन कूच करने पहुंचे। हाथीबड़कला के पास पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर प्रदर्शनकारियों को रोका। जिसके बाद पुलिस और प्रदर्शनकारियों में जमकर नोकझोंक और धक्का मुक्की हुई।
प्रदर्शन कर रहे प्रदेश अध्य्क्ष करन माहरा सहित कांग्रेस के 200 कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गिरफ्तार किया। विधायक अनुपमा रावत सहित कई कार्यकर्ता इस दौरान जमीन पर लेट गए। जिन्हें पुलिस ने बमुश्किल उठा कर गाड़ी में डाला। पुलिस लाइन ले जाने के बाद उन्हें निजी मुचलके पर छोड़ दिया गया।
वक्ताओं ने कहा कि दिल्ली में केंद्र सरकार के इशारे पर हुई बर्बरतापूर्ण कार्रवाई का वे कड़ी निदा करते हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा के नेतृत्व में कांग्रेसजनों ने राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन प्रेषित किया। कांग्रेसियों ने आरोप लगाया कि केंद्र की वर्तमान सरकार की ओर से राजनीतिक प्रतिशोध और द्वेष की भावना से सरकारी एजेंसियों का दुरुपयोग करते हुए विपक्षी दल के नेताओं का उत्पीड़न किया जा रहा है। प्रवर्तन निदेशालय के माध्यम से राहुल गांधी व अन्य विपक्षी नेताओं का उत्पीडऩ किए जाने की कांग्रेस कड़े शब्दों में निदा करती है। उन्होंने राष्ट्रपति से अपेक्षा जताई कि देश के संवैधानिक संरक्षक होने के नाते नेशनल हेराल्ड मामले में हस्तक्षेप करते हुए केंद्र सरकार को उचित दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।
प्रदर्शन करने वालों में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह, उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी, विधायक आदेश चौहान, रवि बहादुर, अनुपमा रावत, सुमित हृदयेश, पूर्व मंत्री नवप्रभात, पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला, मनोज रावत, राजकुमार, प्रदेश उपाध्यक्ष प्रशासन संगठन मथुरादत्त जोशी, प्रदेश महामंत्री संगठन विजय सारस्वत, प्रदेश मीडिया प्रभारी राजीव महर्षि, प्रदेश कोषाध्यक्ष आर्येन्द्र शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना, महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा आदि शामिल थे।