The Forth Pillar

National News Portal

राष्ट्रीय

सीएम योगी दीपोत्सव की तैयारियां का जायजा लेने के लिए पहुंचे अयोध्या

उत्तर प्रदेश। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दीपोत्सव की तैयारियों का जायजा लेने के लिए बुधवार को अयोध्या पहुंचे। सरयू तट बनाए गए अस्थाई हेलीपैड पर उनका स्वागत प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जय वीर सिंह, सांसद लल्लू सिंह, महापौर ऋषिकेश उपाध्याय, विधायक वेद प्रकाश गुप्त आदि जनप्रतिनिधियों सहित जिला भाजपा अध्यक्ष संजीव सिंह, महानगर अध्यक्ष अभिषेक मिश्र आदि ने किया।

हेलीकॉप्टर से उतरते ही मुख्यमंत्री ने सलाहकार अवनीश अवस्थी, पर्यटन सचिव मुकेश मेश्राम, मंडलायुक्त नवदीप रिणवा, जिलाधिकारी नीतीश कुमार आदि के साथ राम कथा पार्क एवं राम पैड़ी परिसर का जायजा लिया तथा दीपोत्सव के उद्घाटन सत्र को ध्यान में रखकर मुक्त आकाशीय राम कथा पार्क में छाया करने की व्यवस्था का निर्देश दिया। 23 अक्टूबर को प्रस्तावित दीपोत्सव का आरंभ इसी राम कथा पार्क से होगा।

यहां साकेत महाविद्यालय से राम कथा पर आधारित एक दर्जन से अधिक झांकियां शोभा यात्रा के रूप में करीब ढाई किलोमीटर की यात्रा कर पहुंचेंगी। तदुपरांत राम कथा पार्क में ही राम राज्याभिषेक के मंचन से दीपोत्सव के छठे संस्करण का लोकार्पण होगा। इस मौके पर मुख्यमंत्री सहित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी उपस्थित रहेंगे। दीपोत्सव का मुख्य आयोजन दिन ढलने के साथ राम पैड़ी परिसर में संयोजित है। इस बार अकेले राम पैड़ी परिसर में 15 लाख से अधिक दीप जलाए जाने हैं और उसी हिसाब से तैयारियां भी अत्यंत व्यापक है। मुख्यमंत्री ने राम कथा पार्क एवं राम की पैड़ी का निरीक्षण करने के बाद साकेत महाविद्यालय परिसर की ओर रुख किया। 23 अक्टूबर को इसी महाविद्यालय परिसर में प्रधानमंत्री का हेलीकॉप्टर उतरेगा तथा यहीं से दीपोत्सव का उद्घोष मध्यान्ह शोभा यात्राओं के प्रस्थान से होगा।

इन महत्वपूर्ण आयोजनों को ध्यान में रखकर मुख्यमंत्री ने साकेत महाविद्यालय परिसर का विस्तृत जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने रामलला का दर्शन भी किया और मंदिर निर्माण का अवलोकन करने के साथ दीपोत्सव की दृष्टि से भी राम जन्मभूमि परिसर में तैयारियों की समीक्षा की। दीपोत्सव के अवसर पर राम जन्मभूमि परिसर में एक लाख दीप जलाए जाने का लक्ष्य तय किया गया है। वापसी की उड़ान भरने से पूर्व मुख्यमंत्री ने रामकथा संग्रहालय में शीर्ष अधिकारियों के साथ दीपोत्सव की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक भी की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *