The Forth Pillar

National News Portal

मनोरंजन

अक्षय कुमार की ओह माय गॉड 2 अब ओटीटी की जगह सिनेमाघरों में देगी दस्तक

अक्षय कुमार की 2012 में आई फिल्म ओह माय गॉड को लोगों ने काफी पसंद किया था और यह बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट साबित हुई थी। अब फिल्म की सफलता के 11 साल बाद अक्षय एक बार फिर अपनी सोशल कॉमेडी ओह माय गॉड 2 के साथ दर्शकों का मनोरंजन करने के लिए वापस आ रहे हैं। हाल ही में फिल्म की रिलीज को लेकर आए अपडेट में कहा गया है कि फिल्म ओटीटी नहीं, बल्कि सिनेमाघरों में दस्तक देगी।

ओह माय गॉड 2 में अक्षय भगवान शिव के किरदार में नजर आएंगे। इसमें पंकज त्रिपाठी और यामी गौतम भी मुख्य भूमिका में हैं और यह भारत में यौन शिक्षा की पृष्ठभूमि के खिलाफ है। फिल्म का निर्देशन अमित राय ने किया है तो अश्विन वर्दे, वायकॉम 18 और जियो स्टूडियो इसके निर्माता हैं। अक्षय की पिछली फिल्मों का बॉक्स ऑफिस पर खराब प्रदर्शन देख इस फिल्म के जियो सिनेमा पर रिलीज होने की बात सामने आ रही थी।

रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म से जुड़े एक सूत्र ने बताया कि अक्षय ने अपने सहयोगियों, अश्विन वर्डे, वायकॉम 18 और जियो स्टूडियोज के साथ ओह माय गॉड 2 को सिनेमाघरों में रिलीज करने का फैसला किया है। फिल्म को लेकर काफी विचार हुआ, लेकिन निर्माताओं ने इसे ओटीटी पर रिलीज करने को लेकर कोई टिप्पणी नहीं की और इसे सिनेमाघर में ही रिलीज करने का फैसला बरकरार रखा। फिल्म की एडिटिंग के बाद रिलीज डेट का ऐलान हो जाएगा।
ओह माय गॉड एक कोर्ट रूम ड्रामा थी, जिसमें अक्षय और परेश रावल मुख्य भूमिका में थे। यह एक नास्तिक कांजी (परेश) की कहानी थी, जिसकी दुकान एक भूकंप में नष्ट हो गई। जब बीमा कंपनी ने भगवान की मर्जी का हवाला देकर उसे भुगतान देने से इनकार कर दिया तो कांजी ने भगवान के खिलाफ मामला दायर कर दिया। फिल्म में अक्षय भगवान कृष्ण की भूमिका नजर आए थे और कांजी के संघर्ष का हिस्सा बने थे।

पिछले दिनों अक्षय ने ओह माय गॉड को अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ फिल्मों में से एक बताते हुए कहा था कि निर्माता इस साल सामाजिक कॉमेडी का दूसरा भाग लाने की तैयारी में हैं। रेड सी इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में अक्षय ने फिल्म की कहानी के बारे में कहा था, यह एक बहुत ही महत्वपूर्ण विषय है। हम स्कूल में बहुत से विषय सीखते हैं और यौन शिक्षा एक ऐसा विषय है जो दुनिया के सभी स्कूलों में होना चाहिए।

अक्षय अब स्काई फोर्स में सारा अली खान और निमरत कौर के साथ नजर आएंगे। दिनेश विजान की स्काई फोर्स में अक्षय पायलट की भूमिका में दिखाई देंगे। वह द ग्रेट इंडियन रेस्क्यू और टाइगर श्रॉफ के साथ बड़े मियां छोटे मियां का हिस्सा हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *