आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, दो ठिकानों से अवैध शराब बरामद, दो गिरफ्तार
देहरादून। आबकारी विभाग की जनपदीय प्रवर्तन टीम ने अवैध शराब की बिक्री के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो स्थानों पर छापेमारी कर भारी मात्रा में शराब बरामद की है। कार्रवाई के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
जानकारी के अनुसार प्रभारी सहायक आबकारी आयुक्त प्रेरणा बिष्ट और आबकारी निरीक्षक जयबीर सिंह के नेतृत्व में प्रवर्तन दल ने अवैध शराब की बिक्री रोकने के उद्देश्य से मानसी पुलिया क्षेत्र में स्थित पंकज जोशी की दुकान पर छापा मारा। तलाशी के दौरान दुकान से 51 पाउच माल्टा देशी शराब, पांच क्वार्टर आईबी व्हिस्की, चार क्वार्टर एमसीडी व्हिस्की और दो क्वार्टर रॉयल स्टैग व्हिस्की बरामद की गई।

इसके बाद टीम ने कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए नकरौंदा क्षेत्र स्थित मुकेश पवार के होम स्टे एवं रेस्टोरेंट में छापेमारी की। जांच के दौरान वहां से 34 पाउच माल्टा देशी शराब, 15 क्वार्टर आईबी व्हिस्की तथा छह क्वार्टर रॉयल स्टैग व्हिस्की बरामद हुई।
आबकारी विभाग ने दोनों मामलों में आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। उनके विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। विभाग का कहना है कि अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।