पटना से लापता 18 वर्षीय छात्रा नरकटियागंज जंक्शन पर मिली, NIT छात्र गिरफ्तार
बेतिया। पटना के गुलजारबाग स्थित आलमगंज इलाके से लापता हुई 18 वर्षीय छात्रा को पश्चिम चंपारण के नरकटियागंज जंक्शन से बरामद किया गया है। छात्रा के साथ सीतामढ़ी जिले के पीपरा थाना क्षेत्र के चैनपुरा निवासी अरविंद कुमार को गिरफ्तार किया गया है। बताया जा रहा है कि अरविंद एनआईटी का छात्र है, जबकि छात्रा एक निजी कोचिंग संस्थान में जेईई की तैयारी कर रही थी।
मिली जानकारी के अनुसार, पांच अक्टूबर की सुबह करीब नौ बजे छात्रा के पिता उसे पढ़ाई के लिए कोचिंग सेंटर छोड़कर गए थे। दोपहर लगभग दो बजे जब उसका भाई उसे लेने पहुंचा, तो वह वहां नहीं मिली। इसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिलने पर पिता ने पटना के गांधी मैदान थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई।
छात्रा के लापता होने के बाद परिजनों ने उसकी एक सहेली से संपर्क किया। बातचीत के दौरान उन्हें जानकारी मिली कि छात्रा की अरविंद कुमार से बातचीत होती थी। बताया गया है कि छात्रा आमतौर पर अपना मोबाइल फोन साथ लेकर कोचिंग जाती थी, लेकिन घटना वाले दिन वह फोन घर पर ही छोड़ गई थी।
परिजनों के मुताबिक, छात्रा के पिता अरविंद के मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन फोन नहीं उठाया जा रहा था। इसके बाद मामले की जांच में पुलिस ने छात्रा की तलाश जारी रखी।
रविवार शाम नरकटियागंज जंक्शन पर छात्रा के मिलने के बाद रेलवे सुरक्षा बल ने उसे और आरोपी युवक को अपने कब्जे में लिया। नरकटियागंज आरपीएफ पोस्ट कमांडर ऋतुराज कश्यप के अनुसार, दोनों को पटना के गांधी मैदान थाने से पहुंचीं सब-इंस्पेक्टर पूजा पटेल के सुपुर्द कर दिया गया है।
अब इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई गांधी मैदान थाने की पुलिस करेगी। छात्रा के लापता होने की परिस्थितियों और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।

