क्राइम

बरेली में हकीम को 17 घंटे तक डिजिटल अरेस्ट रखकर ठगी की कोशिश, मैनेजर की सतर्कता से बचे लाखों रुपये

बरेली। साइबर अपराधियों ने ठगी का नया तरीका अपनाते हुए शहर के जाने-माने हकीम खुर्शीद मुराद सिद्दीकी को करीब 17 घंटे तक डिजिटल अरेस्ट के जाल में फंसाए रखा। ठगों ने खुद को एटीएस और एनआईए का अधिकारी बताकर उन्हें आतंकवाद से जुड़े एक कथित बैंक खाते के मामले में फंसाने की धमकी दी। इतना ही नहीं, उनसे बैंक जाकर आरटीजीएस के जरिए रकम ट्रांसफर कराने का दबाव भी बनाया गया। हालांकि, उनके मैनेजर की समझदारी और समय रहते पुलिस तक पहुंचने के कारण लाखों रुपये की ठगी होने से बच गई।

सिविल लाइंस निवासी खुर्शीद मुराद सिद्दीकी का सर्किट हाउस में वेदान नाम से क्लिनिक है। गुरुवार रात करीब आठ बजे उनके मोबाइल पर एक महिला का फोन आया। उसने खुद को एटीएस से जुड़ा बताते हुए कहा कि वीडियो कॉल पर उनके वरिष्ठ अधिकारी बात करेंगे। इसके बाद एक व्यक्ति ने वीडियो कॉल करके खुद की पहचान एनआईए अधिकारी दीपक शर्मा के रूप में बताई।

कॉल करने वाले ने दावा किया कि सुहैल और शमीम नाम के दो संदिग्ध पकड़े गए हैं। पूछताछ में उन्होंने हकीम का नाम लिया है। ठगों ने यह भी आरोप लगाया कि हुगली में उनके नाम से बैंक खाता खोलकर उसमें 2.45 करोड़ रुपये का लेनदेन किया गया है। इस मामले में खाते का सत्यापन करना जरूरी है।

इसके बाद ठगों ने उनसे बैंक खाते और चेकबुक से संबंधित जानकारी पूछनी शुरू कर दी। लगातार अलग-अलग लोग सरकारी एजेंसियों के अधिकारी बनकर उनसे वीडियो कॉल पर बातचीत करते रहे। कॉल के पीछे का दृश्य भी किसी सरकारी कार्यालय जैसा दिखाई दे रहा था, जिससे उन्हें आरोपियों की बातों पर भरोसा होने लगा।

करीब 17 घंटे तक चले इस पूरे घटनाक्रम के बाद आरोपियों ने उन्हें सुबह बैंक जाकर आरटीजीएस के माध्यम से रुपये भेजने के लिए कहा। हकीम उनकी बातों में आकर बैंक जाने के लिए तैयार हो गए। शुक्रवार सुबह जब वह क्लिनिक नहीं पहुंचे तो उनके मैनेजर अकरम उनसे मिलने घर पहुंच गए। हकीम ने उन्हें बैंक चलने के लिए कहा, लेकिन रकम भेजने की वजह स्पष्ट नहीं की।

मैनेजर को उनकी गतिविधियों पर संदेह हुआ। पूछताछ के दौरान जब हकीम ने एसपी क्राइम कार्यालय के बारे में जानकारी मांगी तो मैनेजर का शक और गहरा गया। इसके बाद वह उन्हें बैंक ले जाने के बजाय साइबर थाने पहुंच गए।

वहां इंस्पेक्टर धनंजय पांडेय ने पूरी घटना सुनी और हकीम को बताया कि साइबर अपराधी उन्हें डिजिटल अरेस्ट के नाम पर डराकर अपने नियंत्रण में रखे हुए हैं। पुलिस ने उनके सामने दोबारा ठगों से बातचीत कराई। इस दौरान आरोपियों ने वीडियो कॉल के बजाय उन्हें तुरंत बैंक के बाहर जाने का निर्देश दिया।

पुलिसकर्मियों ने जब कॉल पर ठगों से बातचीत शुरू की तो उन्हें अपनी पोल खुलने का अंदेशा हो गया और उन्होंने तुरंत फोन काट दिया। इस तरह पुलिस की तत्परता और मैनेजर की सूझबूझ से बड़ी साइबर ठगी टल गई।

साइबर थाना प्रभारी धनंजय पांडेय ने हकीम के मैनेजर को साइबर जागरूकता से जुड़ी सामग्री भी उपलब्ध कराई और इसे क्लिनिक में लगाने की सलाह दी, ताकि वहां आने वाले दूसरे लोग भी ऐसे फर्जी कॉल और डिजिटल अरेस्ट के मामलों से सतर्क रह सकें।