विकासनगर में नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई, दो आरोपी स्मैक के साथ गिरफ्तार
देहरादून। राजधानी देहरादून में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए दून पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में विकासनगर कोतवाली पुलिस ने हरबर्टपुर क्षेत्र में अलग-अलग कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 13.83 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब चार लाख रुपये बताई गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत कोतवाली विकासनगर की अलग-अलग पुलिस टीमों ने चेकिंग के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर हरबर्टपुर क्षेत्र में दो आरोपियों को पकड़ा।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आरिफ पुत्र नाजर अली निवासी वार्ड नंबर-7, ढकरानी, विकासनगर, उम्र 30 वर्ष और सूरज चौहान पुत्र सुभाष चौहान निवासी बालूवाला, विकासनगर, उम्र 32 वर्ष के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान आरिफ के पास से 6.56 ग्राम और सूरज चौहान के कब्जे से 7.27 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई।
दोनों आरोपियों के खिलाफ कोतवाली विकासनगर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक मयंक त्यागी, चौकी प्रभारी हरबर्टपुर, उपनिरीक्षक ओमवीर सिंह, कांस्टेबल अनिरुद्ध, चमन और रजनीश शामिल रहे।

